Jun 4, 2022, 15:27 IST

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज पंचकूला से इन खेलों का विधिवत रूप से आगाज करेंगे

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज पंचकूला से इन खेलों का विधिवत रूप से आगाज करेंगे

हरियाणा व अन्य प्रांतों के लोगों के दिलों की धड़कन बन चुके खेलो इंडिया यूथ गेम्स-2021 के उद्घाटन अवसर पर पंचकूला का ताऊ देवीलाल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स खूबसूरत रंग-बिरंगी रोशनी से सराबोर नजर आएगा।

इन खेलों के दौरान खिलाड़ियों व दर्शकों को हरियाणा की मेजबानी का सुखद अनुभव होगा। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज पंचकूला से इन खेलों का विधिवत रूप से आगाज करेंगे। शनिवार शाम साढ़े सात बजे से पंचकूला में खेलो इंडिया यूथ गेम्स-2021 का भव्य आगाज होने जा रहा है। इस उद्घाटन समारोह के लिए विशेष रूप से तैयारियां की गई हैं। मुख्य मंच को बहुत ही खूबसूरत ढंग से सजाया गया है। साथ ही खिलाड़ियों व दर्शकों के लिए बैठने की विशेष व्यवस्था की गई है। इतना ही नहीं, मैदान में बड़ी बड़ी स्क्रीन भी लगाई गई हैं ताकि दर्शकों को अविस्मरणीय क्षणों का अनुभव हो। हरियाणा की मेजबानी में 'खेलो इंडिया यूथ गेम्स-2021' का आयोजन 4 जून से 13 जून, 2022 तक राज्य सरकार और भारतीय खेल प्राधिकरण (साई), केंद्रीय युवा मामले और खेल मंत्रालय द्वारा संयुक्त रूप से किया जा रहा है।

हरियाणा का मस्कट 'धाकड़' बनेगा राज्य की खेल संस्कृति का परिचायक

खेलो इंडिया यूथ गेम्स के मस्कट जया और विजय का नाम सुनते ही उनकी मनमोहक छवि मन में ताजा हो जाती है और खेल प्रेमियों को और भी अधिक उत्साह से भर देती है। लेकिन हरियाणा में होने जा रहे खेलो इंडिया यूथ गेम्स - 2021 के चौथे संस्करण में जया और विजय के साथ इस बार दर्शकों को हरियाणा का अपना मस्कट धाकड़ भी देखने को मिलेगा, जो हरियाणा के दूध-दही का खाना और यहां के खेल संस्कृति का परिचायक बनेगा।

आयोजन स्थल में लगभग 7,000 दर्शकों के बैठने की व्यवस्था

ताऊ देवीलाल खेल परिसर, पंचकूला इन खेल प्रतियोगिताओं का मुख्य आयोजन स्थल होगा। आयोजन स्थल में लगभग 7,000 दर्शकों के बैठने की व्यवस्था है। तीरंदाजी और फुटबॉल प्रतियोगिताएं पंजाब विश्वविद्यालय, चंडीगढ़ में आयोजित की जाएंगी, जबकि तैराकी और जिम्नास्टिक खेल अंबाला में आयोजित किए जाएंगे। हॉकी शाहाबाद में और साइकिलिंग व निशानेबाजी प्रतियोगिताएं दिल्ली में होंगी। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में पहली बार पांच पारंपरिक खेलों जैसे गतका, कलारीपयट्टू, थांग-ता, मलखंब और योगासन को भी शामिल किया गया है।

देशभर के लगभग 8,500 खिलाड़ी लेंगे भाग

'खेलो इंडिया यूथ गेम्स-2021' के चौथे संस्करण में देशभर के लगभग 8,500 खिलाड़ी, कोच और सहयोगी स्टाफ भाग लेंगे। खिलाड़ी कुल 1866 पदकों जिनमें 545 स्वर्ण, 545 रजत और 776 कांस्य पदक शामिल है, के लिए अपने जोहर दिखाएंगे। 25 प्रकार के खेल पांच स्थानों पंचकूला, अंबाला, शाहाबाद, चंडीगढ़ और दिल्ली में आयोजित किए जाएंगे। हालांकि ताऊ देवी लाल खेल परिसर, पंचकूला इन खेल प्रतियोगिताओं का मुख्य आयोजन स्थल होगा। आयोजन स्थल में लगभग 7,000 दर्शकों के बैठने की व्यवस्था की गई है। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में पहली बार पांच पारंपरिक खेलों जैसे गतका, कलारीपयट्टू, थांग-ता, मलखंब और योगासन को भी शामिल किया गया है।

एथलेटिक्स टूर्नामेंट पंचकूला के ताऊ देवीलाल स्टेडियम में 7 से 9 जून तक होंगे। फुटबाल के लीग व एक सेमीफाइनल मुकाबले 4 से 10 जून तक पंजाब यूनिवर्सिटी चंडीगढ़ में आयोजित होंगे जबकि फुटबाल का एक सेमीफाइनल व फाइनल मुकाबला 11 से 13 जून को पंचकूला के ताऊ देवीलाल स्टेडियम में होगा। बैडमिंटन के मुकाबले 4 से 7 जून, टेबल टेनिस के मुकाबले 9 से 13 जून, कबड्डी के 3 से 7 जून को पंचकूला में होंगे। वहीं हैंडबाल के मुकाबले 9 से 13 जून, रेसलिंग के 4 से 8 जून, बॉस्केटबाल के 9 से 13 जून, वॉलीबाल के 3 से 8 जून, बॉक्सिंग व खो-खो के मुकाबले 9 से 13 जून को पंचकूला के ताऊ देवीलाल स्टेडियम में आयोजित होंगे। गतका और थांग-ता के मुकाबले 4 से 7 जून को क्रिकेट स्टेडियम पंचकूला में आयोजित होंगे। पंचकूला में ही कलारीपयट्टू के मुकाबले 10 से 12 जून, योगासन के मुकाबले 4 से 7 जून और मलखंब के मुकाबले 8 से 12 जून को आयोजित होंगे।

वेटलिफ्टिंग के मुकाबले पंचकूला सेक्टर-14 के सरकारी कॉलेज में 5 से 9 जून को होंगे। टेनिस के मुकाबले पंचकूला के जिमखाना क्लब सेक्टर- 6 में 7 से 11 जून के बीच आयोजित होंगे। जूडो के मुकाबले पंचकूला के रेड बिशप हॉल में 9 से 12 जून को आयोजित होंगे जबकि आर्चरी के मुकाबले पंजाब विश्वविद्यालय में 10 से 12 जून को होंगे। वहीं हॉकी में लड़कियों के लीग व (लडक़े व लड़कियों) के फाइनल पंचकूला के नवर्निमित हॉकी स्टेडियम में 4 से 10 जून तक आयोजित होंगे जबकि लडक़ों की हॉकी के लीग मुकाबले शाहाबाद में आयोजित होंगे।

जिमनास्टिक के मुकाबले अंबाला में 5 से 7 जून को आयोजित होंगे। स्विमिंग के मुकाबले अंबाला में 8 से 12 जून को आयोजित होंगे। साइकिलिंग के ट्रैक मुकाबले दिल्ली में 5 से 7 जून को आयोजित होंगे जबकि साइकिलिंग के रोड इवेंट 10 से 12 जून को पंचकूला में होंगे। शूटिंग के सभी इवेंट दिल्ली स्थित डॉ. करनी सिंह शूटिंग रेंज में 6 से 9 जून के बीच आयोजित किए जाएंगे।