Dec 2, 2024, 09:44 ISTMadhya Predash

राजस्व महा अभियान 3.0 को सफल बनाने अवकाश के दिन भी जिले के राजस्व अधिकारी जुटे रहे काम में

राजस्व महा अभियान 3.0 को सफल बनाने अवकाश के दिन भी जिले के राजस्व अधिकारी जुटे रहे काम में

भोपाल

मध्य प्रदेश शासन के निर्देशानुसार प्रदेश भर में राजस्व महा अभियान 3.0 का कार्य तीव्र गति से जारी है। इस अभियान के तहत रास्तों के विवादों का निराकरण, नक्शा तरमीम, फार्मर रजिस्ट्री और अन्य राजस्व से संबंधित कार्य किए जा रहे हैं।

कलेक्टर श्री कौशलेन्द्र विक्रम सिंह के निर्देशन में भोपाल जिले में समस्त एसडीएम सहित अन्य राजस्व अधिकारी और कर्मचारी इस अभियान को सफल बनाने में जुटे हुए हैं। रविवार के अवकाश के बावजूद, भोपाल जिले के अधिकारी और कर्मचारी अपने कार्य क्षेत्रों में सक्रिय रहे।

कलेक्टर के निर्देश पर सभी पटवारियों द्वारा ग्राम पंचायत, कॉमन सर्विस सेंटर, जैसे सहज दृश्य स्थानों पर, फार्मर रजिस्ट्री, केवाईसी और नक्शा तरमीम से शेष रहे ग्रामीणों की सूची कारण सहित चस्पा की जा रही है।

ग्रामीण व्यक्तियों को विभिन्न माध्यमों से सूचित कर यह निवेदन किया जा रहा है कि वे इस राजस्व महा अभियान में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर अपने कार्य अपने ही गांव में पूर्ण कराएं।

इसके साथ ही, पटवारी ग्रामों में विवाह संस्कार और विवाह भोज जैसे सामाजिक आयोजनों में भी भाग लेकर वहां उपस्थित कृषक भाइयों को राजस्व महा अभियान की जानकारी दे रहे हैं और मौके पर ही उनके कार्य भी संपन्न कर रहे हैं। यह अभियान सतत रूप से जारी रहेगा, जिससे ग्रामीणों को उनके राजस्व संबंधी कार्यों में सुविधा और सहूलियत मिल सके।