Mar 5, 2022, 17:18 IST

रूस से लड़ने के लिए अलग देशों में रह रहे 66 हजार यूक्रेनी लौटे यूक्रेन

a

रूसी सेना की आक्रमकता का यूक्रेन की सेना और जनता डटकर मुकाबला कर रही है। इस बीच यूक्रेन के रक्षा मंत्री ओलेक्सी रेजनिकोव ने दावा किया है कि रूस के आक्रमण के खिलाफ लड़ाई में शामिल होने के लिए 66,224 यूक्रेनी पुरुष विदेश से लौटे हैं। रेजनिकोव ने एक ऑनलाइन पोस्ट में कहा, "इस समय इतने सारे लोग अपने देश को भीड़ से बचाने के लिए विदेश से लौटे हैं। ये 12 और लड़ाकू व प्रेरित ब्रिगेड हैं! यूक्रेनियन, हम अजेय हैं।"

यूक्रेन के दो क्षेत्रों में संघर्ष-विराम पर सहमत रूसी सेना
वहीं, रूसी सेना शनिवार से यूक्रेन के दो क्षेत्रों में संघर्ष-विराम पर सहमत हो गई है, ताकि वहां फंसे नागरिकों को सुरक्षित निकाला जा सके। रूस की सरकारी न्यूज एजेंसियों ने यह जानकारी दी। आरआईए नोवोत्सी और तास न्यूज एजेंसी ने रूसी रक्षा मंत्रालय की ओर से जारी एक बयान के हवाले से बताया कि मॉस्को यूक्रेनी बलों के साथ कुछ निकासी मार्गों पर संघर्ष-विराम के लिए सहमत हो गया है, ताकि नागरिकों को दक्षिण-पूर्व में रणनीतिक लिहाज से अहम बंदरगाह शहर मारियुपोल और पूर्वी शहर वोल्नोवाखा से सुरक्षित निकालने में मदद मिल सके।

स्पुतनिक ने भी ट्वीट कर कहा, "रूस ने यूक्रेन में स्थानीय समयानुसार 6 बजे से नागरिकों के लिए मानवीय गलियारे खोलने के लिए संघर्ष विराम की घोषणा की।" हालांकि, यूक्रेनी सेना की तरफ से अभी संघर्ष-विराम की कोई पुष्टि नहीं की गई है और फिलहाल यह भी स्पष्ट नहीं है कि निकासी मार्ग कब तक खुले रहेंगे।