Sep 1, 2022, 20:10 IST

पाकिस्तान में लगातार आठ हफ्तों तक बिना रुके बारिश हुई है। इसकी वजह से प्रलय जैसी नौबत आ गई है

पाकिस्तान में लगातार आठ हफ्तों तक बिना रुके बारिश हुई है। इसकी वजह से प्रलय जैसी नौबत आ गई है
क्लाइमेट मंत्री शेरी रहमान ने कहा कि पाकिस्तान में लगातार आठ हफ्तों तक बिना रुके बारिश हुई है। इसकी वजह से प्रलय जैसी नौबत आ गई है। पूरा देश पानी में डूबा हुआ है। ये तो मॉनस्टर मॉनसून है। सिंध प्रांत में औसत बारिश से 9 गुना ज्यादा बारिश हुई है। यह बारिश साल 2010 से ज्यादा भयावह है। वैश्विक गर्मी (Global Warming) की वजह से पाकिस्तान में सुपरफ्लड की स्थिति आ रही है। गर्म समुद्र और आर्कटिक का बढ़ता तापमान भी पाकिस्तान के मौसम पर बुरा असर डालता है। रूस, यूरोप और चीन में सूखा रहता है, तब भी पाकिस्तान में ये हालत होती है। क्योंकि गर्म हवाएं हिमालय से टकराकर स्थानीय स्तर पर कहर बरपाने लगती हैं।

पाकिस्तान के हिमालयी ग्लेशियरों के पिघलने की गति काफी ज्यादा है। पिछले साल आई एक स्टडी के मुताबिक पाकिस्तान पिघलते हुए ग्लेशियरों का हॉटस्पॉट है। स्टडी करने वाले प्रमुख वैज्ञानिक जोनाथन कैरिविक ने कहा कि हिमालय के ग्लेशियर बाकी दुनिया की तुलना में दस गुना ज्यादा गति से पिघल रहे हैं। बारिश के समय ये फ्लैश फ्लड और पानी का लेवल बढ़ाने में मदद करते हैं। जिसकी वजह से पाकिस्तान के ऊपर से निकला पानी दक्षिणी इलाकों तक तबाही मचाता हुआ चला जाता है। 

औसत से कई गुना ज्यादा बारिश ने बढ़ाई मुसीबत
पाकिस्तान उन देशों में शामिल है जो जलवायु परिवर्तन की वजह से परेशान हो रहे हैं। जैसे-जैसे धरती का तापमान बढ़ता जाएगा, पाकिस्तान की मुसीबतें बढ़ती जाएंगी। क्योंकि यहां हिमालय से टकराकर समुद्री हवाएं स्थानीय मॉनसून को और मजबूत बना देती हैं। पाकिस्तान में मॉनसून भारत की तुलना में कम समय के लिए होता है। लेकिन गर्म समुद्री हवाओं की वजह से बारिश ज्यादा होती है। पाकिस्तान में औसत बारिश 130 मिलिमीटर होती है। इस बार वहां पर 385 मिलिमीटर बारिश हुई। सिंध प्रांत में 784 प्रतिशत, बलूचिस्तान में 522 फीसदी, गिलगिट बाल्टिस्तान में 225 फीसदी, पंजाब में 62 फीसदी और खैबर पख्तूनख्वा में 54 फीसदी ज्यादा बारिश हुई है।