Aug 15, 2022, 22:12 IST

लोगों ने उत्साह के साथ मनाया स्वतंत्रता दिवस, करवाए सांस्कृतिक कार्यक्रम

लोगों ने उत्साह के साथ मनाया स्वतंत्रता दिवस, करवाए सांस्कृतिक कार्यक्रम

बीजिंग/सिंगापुरः दुनियाभर में भारतीयों ने सोमवार को उत्साह के साथ भारत का 76वां स्वतंत्रता दिवस मनाया और इस दौरान विभिन्न देशों के मिशनों में तिरंगा फहराने के साथ राष्ट्रगान और देशभक्ति के गीत गए। चीन में भारत के राजदूत प्रदीप कुमार रावत ने भारतीय दूतावास में तिरंगा फहराया। बीजिंग में रहने वाले भारतीय मूल के लोग बड़ी संख्या में कार्यक्रम में शामिल हुए। ध्वजारोहण के बाद रावत ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुमरू का राष्ट्र के नाम संबोधन पढ़ा। बाद में भारतवंशी समुदाय के लोगों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लिया।

चीन के दक्षिणी शहर ग्वांगझू में भारत के महावाणिज्य दूत शंभू हक्की ने अपना नया गीत ‘सबसे प्यारा देश मेरा’ जारी किया। हक्की शौकिया संगीतकार हैं। सिंगापुर में गश्ती पोत आईएनएस सरयू के 16 सदस्यीय बैंड ने 6 महाद्वीपों में आजादी का अमृत महोत्सव मनाने की भारतीय नौसेना की पहल के तहत भारतीय उच्चायोग में देशभक्ति के गीतों की धुन बजाई। आईएनएस सरयू तिरंगा फहराने के लिए सिंगापुर की यात्रा पर हैं।

ग्रांड रोड उच्चायोग परिसर में स्वतंत्रता दिवस मनाने के लिए उच्चायुक्त पी कुमारन की उपस्थिति में 800 से अधिक भारतीय शामिल हुए। नेपाल में काउंसलर श्री प्रसन्ना श्रीवास्तव ने तिरंगा फहराया और 76वें स्वतंत्रता दिवस समारोह की शुरुआत की।इसके बाद राष्ट्रपति मुमरू का राष्ट्र के नाम संदेश पढ़ा गया। दूतावास ने भारतीय सश बलों के शहीद गोरखा जवानों के परिजनों और विधवाओं को सम्मानित किया और उनकी बकाया राशि वितरित की हैं।

तेल अवीव के हेजर्लिया में इजराइल में भारत के राजदूत संजीव सिंगला ने भारत का राष्ट्रध्वज फहराया। इस दौरान भारतीय मूल के करीब 300 लोग उपस्थित थे। उन्होंने दोनों देशों के बीच रणनीतिक संबंधों को प्रगाढ़ करने के प्रयासों पर जोर दिया। सिंगला ने इस अवसर पर आई2यू2 के पहले डिजिटल सम्मेलन में दोनों देशों के प्रधानमंत्रियों की सहभागिता का उल्लेख किया।

उन्होंने कहा, कि ‘हम इजराइल के साथ अपनी आर्थिक और व्यापार साझेदारी को गहरा करते जा रहे हैं। भारत अब एशिया में इजराइल का दूसरा सबसे बड़ा कारोबारी साझेदार है।’’ अमेरिकी शहर बोस्टन में इस अवसर पर 220 फुट ऊंचा अमेरिका-भारत का ध्वज फहराया गया और पहली बार इंडिया डे परेड निकाली गई।