जेलेंस्की रूस-यूक्रेन की जंग सातवें दिन भी जारी है, लेकिन अब रूस और भी ज्यादा आक्रामक हो गया है। कीव के बाहर रूस का सैन्य काफिला मौजूद है। वहीं रूस की ओर से दावा किया गया उसने खरसन शहर को कब्जे में ले लिया है। इधर, यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की की ओर से बयान जारी किया गया है, उन्होंने कहा है कि- रूस यूक्रेन को पूरी तरह से मिटा देना चाहता है। 02:09 PM, 02-Mar-2022 स्पेन भी यूक्रेन को भेजेगा मदद-पीएम रूस के खिलाफ यूक्रेन की मदद के लिए स्पेन भी सामने आया है। खबरों के मुताबिक, स्पेन के प्रधानमंत्री ने कहा है कि रूस के खिलाफ जंग में वह यूक्रेन को सैन्य उपकरण भेजेंगे। 01:28 PM, 02-Mar-2022 भारतीयों को एयरलिफ्ट कराने में रूस कर सकता है मदद यूक्रेन के खारकीव और पूर्वी क्षेत्रों में फंसे भारतीयों को एयरलिफ्ट कराने में रूस भी मदद कर सकता है। भारत में रूसी राजदूत डेनिस अलीपोव ने बताया कि, इमरजेंसी रेस्क्यू के लिए हम भारतीय अधिकारियों के संपर्क में हैं। रूसी क्षेत्र के माध्यम से रेस्क्यू कराने पर विचार किया जा रहा है। 01:18 PM, 02-Mar-2022 रूस ने खरसन शहर को चारों ओर से घेरा यूक्रेन के खरसन शहर को रूस ने चारों ओर से घेर लिया है। खरसन के मेयर ने बताया कि, खरसन शहर की सीमाओं पर रूसी सैनिक तैनात हो गए हैं। 01:12 PM, 02-Mar-2022 छह दिन में मारे 6 हजार रूसी सैनिक- जेलेंस्की रूस-यूक्रेन की जंग के बीच राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा है कि, यूक्रेन की सेना ने छह दिन में छह हजार से ज्यादा रूसी सैनिकों को मार गिराया है। 12:21 PM, 02-Mar-2022 खारकीव में 21 यूक्रेनियों की मौत खारकीव में एयरट्रूपर्स उतारने के बाद रूसी सेना ने हमले तेज कर दिए हैं। अस्पताल पर हमले के बाद खारकीव से एक और बड़े धमाके की खबरे सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि, इस हमले में 21 लोगों की मौत हो गई, वहीं 112 लोग घायल हुए हैं। 11:35 AM, 02-Mar-2022 जंग के बीच सात लाख से ज्यादा लोगों ने छोड़ा यूक्रेन कीव पर कब्जे को लेकर छिड़ी जंग में यूक्रेन से बड़ी संख्या में पलायन हो रहा है। राजधानी कीव से सामने आईं ट्रेनों में भीड़ की तस्वीर डराने वाली हैं। इस बीच सामने आई रिपोर्ट्स के मुताबिक, अब तक करीब सात लाख से ज्यादा लोग यूक्रेन छोड़कर पड़ोसी देशों में रहने लगे हैं। यह संख्या और भी ज्यादा बढ़ सकती है। 11:18 AM, 02-Mar-2022 रोमानिया और हंगरी रवाना हुए भारतीय वायु सेना के विमान यूक्रेन में फंसे भारतीय छात्रों की वतन वापसी के लिए भारतीय वायु सेना के लिए दो विमान रोमानिया और हंगरी के लिए रवाना हो गए। इन दोनों विमानों ने हिंडन एयरबेस से उड़ान भरी। 10:00 AM, 02-Mar-2022 रूसी एयरट्रूपर्स ने अस्पताल पर बोला हमला रूस ने यूक्रेन के दूसरे सबसे बड़े शहर पर हमले तेज कर दिए हैं। यहां पर रूस ने अपने एयरट्रूपर्स को उतारा है। अब खबर आ रही है कि इन एयरट्रूपर्स ने एक अस्पताल पर हमला बोल दिया है। जानकारी के मुताबिक, रूसी और यूक्रेनी सैनिकों के बीच जंग जारी है। 09:45 AM, 02-Mar-2022 रोमानिया रवाना हुआ सी-17 ग्लोबमास्टर यूक्रेन में फंसे भारतीय छात्रों को लाने के लिए एक सी-17 ग्लोबमास्टर आज सुबह चार बजे रोमानिया रवाना हो गया। वायु सेना ने बताया कि पोलैंड, हंगरी और रोमानिया के लिए वायु सेना के तीन और विमान आज रवाना होंगे। इसके अलावा यूक्रेन में टेंट, कंबल और अन्य मानवीय सहायता ले जा रहे भारतीय वायु सेना के विमान शीघ्र ही हिंडन एयरबेस से उड़ान भरेंगे।
