बर्लिन पहुंचे पीएम मोदी के इंतजार में प्रवासी भारतीय पहले से ही स्वागत के लिए खड़े थे। जैसे पीएम पहुंचे सभी ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान प्रधानमंत्री सभी का हालचाल पूछते नजर आए। उन्होंने कई बच्चों के साथ भी बातचीत की। लोग पीएम के साथ सेल्फी लेने को बेकरार दिखे। इस दौरान लोग वंदे मातरम् के नारे लगाते नजर आए।
भारतीय समुदाय के एक सदस्य गौरांग कुटेजा ने कहा कि हम पीएम मोदी की एक झलक पाने के लिए उत्साहित थे। हम 400 किमी की दूरी तय करके बर्लिन आए। उन्होंने भारतीय मूल के हम सभी का सम्मानपूर्वक अभिनंदन किया। इसके अलावा, हम प्रवासी भारतीयों को प्रधानमंत्री के संबोधन में भाग लेने के लिए उत्सुक हैं। पीएम मोदी के स्वागत में बर्लिन की सड़कों पर बड़ी संख्या में भारतीय मूल के लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। पीएम मोदी के स्वागत में छत्रपति शिवाजी महाराज की वेशभूषा में भी लोग पहुंचे थे। पीएम मोदी की एक झलक पाने के लिए बड़ी संख्या में पहुंचे भारतीय नागरिक ढोल-ताशों के साथ थे। लोग झूमते-गाते भी नजर आए। पीएम मोदी की एक झलक पाने को लेकर बच्चों में भी खासा उत्साह नजर आया।
