भारतीय मूल की अरुणा मिलर अमेरिका के राज्य मैरीलैंड की लेफ्टिनेंट गवर्नर बन गई है। इसी के साथ अरूणा मिलर लेफ्टिनेंट गर्वनर के पद पर पहुंचने वाली पहली प्रवासी महिला बन गई है। इससे पहले अरूणा हाउस ऑफ डेलीगेट्स की सदस्य भी रह चुकी हैं।
अमेरिका में भारतीय मूल के लोगों की राजनीति में पकड़ लगातार मजबूत हो रही है। अमेरिका के राज्य मैरीलैंड में हाल ही में हुए चुनाव में भारतीय मूल की अरूणा मिलर ने लेफ्टिनेंट गवर्नर के पद पर ऐतिहासिक जीत हासिल की है। बता दें कि मिलर गवर्नर हाउस पहुंचने वाली पहली प्रवासी महिला बन गई हैं।
मैरीलैंड चुनाव नतीजे के बाद अरुणा मिलर ने ट्वीट कर लिखा, उनके अभियान में सर्वश्रेष्ठ बनने के लिए उन्हें पूरे समाज और उनके समुदाय ने प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि अपने समर्थकों की प्रतिबद्धता और उनके समर्थन का आभार व्यक्त करने के लिए मेरे पास शब्द नहीं है। बता दें कि अरूणा मिलर का जन्म हैदराबाद में हुआ था। साल 1972 में सात साल की उम्र में मिलर भारत से अमेरिका पहुंच गई थी।
अरुणा मिलर ने अमेरिका में मिसौरी विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय से सिविल इंजीनियिरिंग में स्नातक की। उन्होंने मॉन्टगोमरी काउंटी के परिवहन विभाग में 25 वर्षों तक काम किया। इसके अलावा साल 2010 से 2018 तक मिलर मैरीलैंड हाउस ऑफ डेलीगेट्स की सदस्य भी रह चुकी है। अरूणा मिलर की तीन बेटियां है।
