रूस और यूक्रेन के मध्य जारी युद्ध (ukraine vs russia) के कारण यूक्रेन में रहकर पढ़ाई कर रहे, या काम कर रहे भारतीयों के लिए मुश्किलें आज और भी बढ़ गई। ऐसे में जबकि भारत सरकार विशेष विमान सेवाओं द्वारा यूक्रेन में रह रहे भारतीयों को वहां से निकालने के प्रयास में थी, उसी समय रूस के द्वारा हमले शुरू हो जाने के कारण यूक्रेन ने अपने यहां से सभी हवाई उड़ानों को रद्द कर दिया है। इसके कारण भारत सरकार के बचाव अभियान में अवरोध आया है, हालांकि भारत सरकार अभी भी प्रयासरत है।
कीव में भारतीय दूतावास ने आज गुरुवार 24 फरवरी को यूक्रेन में रह रहे या फंसे सभी भारतीय नागरिकों/छात्रों के लिए परामर्श जारी करते हुए कहा है कि यूक्रेन (ukraine vs russia) में सभी भारतीय नागरिकों को सूचित किया जाता है कि चूंकि यूक्रेन का हवाई क्षेत्र बंद कर दिया गया है, इसलिए विशेष उड़ानों का कार्यक्रम रद्द कर दिया गया है। भारतीय नागरिकों को निकालने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है। जैसे ही इस तरह की व्यवस्था को अंतिम रूप दिया जाएगा, दूतावास सूचना देगा, ताकि भारतीय नागरिक देश के पश्चिमी भाग में स्थानांतरित हो सके। कृपया अपने पासपोर्ट और आवश्यक दस्तावेज हर समय अपने साथ रखें।
आपको इस संबंध में अपडेट के लिए दूतावास की वेबसाइट और सोशल मीडिया (फेसबुक, ट्विटर और इंस्टाग्राम) पोस्ट का पालन करने की सलाह दी जाती है। संदर्भ के लिए दूतावास की हेल्पलाइन का विवरण नीचे दिया गया है-
1. +38 0997300483
2. +38 0997300428
3. +38 0933980327
4. +38 0635917881
5. +38 0935046170
ज्ञात हो कि यूक्रेन में 20 हज़ार से ज्यादा भारतीय काम या पढ़ाई करते हैं। एकाएक शुरू हुए इस संघर्ष (ukraine vs russia) से भारत सरकार को भारतीयों के बचाव की तैयारी करने का पर्याप्त समय नहीं मिल पाया है। हालांकि कुछ भारतीयों को सरकार देश वापस लाने में सफल हुई है। आज गुरुवार की सुबह भी एक विशेष विमान भारतीयों को लेकर भारत आई है।
