भूकंप से दहला तुर्की
तुर्की डिजास्टर एंड इमरजेंसी मैनेजमेंट प्रेसीडेंसी (AFAD) ने बताया कि तुर्की में 53 लोगों की मौत हो गई है. एक व्यक्ति की डूबने के कारण हो गई है. भूकंप आने के बाद 709 लोग घायल हो गए हैं. बताया जा रहा है कि ग्रीक आईलैंड पर दो लोग मृत पाए गए हैं. वहां, एक दीवार गिर गई है. लोगों को रेस्क्यू किया जा रहा है.
इजमिर में 17 इमारतों को नुकसान
बताया जा रहा है कि तुर्की का इजमिर शहर भूकंप से काफी प्रभावित हुआ है. यहां 17 इमारतें या तो गिर गई हैं या उनको नुकसान पहुंचा है. करीब 2,000 लोग इस प्रभावित क्षेत्र में रहते हैं. उनके रहने के लिए अब टेंट लगाए जा रहे हैं. इजमिर में रहने वाले एक स्टूडेंट ने बताया कि इससे पहले इतना तेज भूकंप उसने नहीं देखा. 25-30 सेकंड तक धरती हिलती रही थी.
पहले भी भूकंप से हुई भारी तबाही
गौरतलब है कि तुर्की उन देशों में से एक है, जहां भूकंप आने की संभावना अधिक है. अगस्त, 1999 में तुर्की में इस्तांबुल के दक्षिण-पूर्व में स्थित शहर इजमित में 7.6 तीव्रता का भूकंप आया था. इसमें 17 हजार से ज्यादा लोग मारे गए थे. वहीं, 2011 में तुर्की के शहर वैन (Van) में आए भूकंप में 500 से ज्यादा लोग मर गए थे.
